Department of Hindi

गंगाशील महाविद्यालय का हिन्दी-विभाग अपने स्थापना काल से ही हिन्दी भाषा, हिन्दी साहित्य तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन एवं प्रसार के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध रहा है। इस निमित्त समय-समय पर राष्ट्रीय, अन्तरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किये जाते रहे हैं। अन्तरराष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन में माॅरीशस के प्रख्यात हिन्दी साहित्यकार श्री प्रहलाद राम शरण, प्रखर आलोचक प्रो० सूर्य प्रसाद दीक्षित अध्यक्ष हिंदी विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय लखनऊ विश्वविद्यालय लखनऊ, प्रासिद्ध विद्वान प्रो० हरिश्चन्द्र मिश्र (कृत कार्य आचार्य, अध्यक्ष हिंदी विभाग, विश्वभारती विश्वविद्यालय, बोलपुर पश्चिम बंगाल, डॉ० चंद्रपाल शर्मा जैसे अनेक विद्वानों ने कार्यक्रम मे सहभागिता कर सम्मेलन को गरिमा प्रदान की। हिंदी विभाग अपनी गतिविधियों से वैश्विक पटल पर अपनी पहचान बना चुका है। 2020-21 में हिन्दी विभाग द्वारा अन्तर्जाल संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें देश के लगभग सभी प्रांतो के अतिरिक्त भूटान, इंग्लैण्ड आस्ट्रेलिया, सऊदीअरब मेसिडोनिया से भी विद्वानों ने प्रतिभाग किया.

विज़न

हिंदी विभाग विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा, राष्ट्रीय अस्मिता और वैश्विक दृष्टिकोण से जोड़ते हुए उन्हें एक सक्षम, संवेदनशील और उत्तरदायी नागरिक के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। विभाग का उद्देश्य हिंदी को केवल एक शैक्षणिक विषय के रूप में नहीं, बल्कि ज्ञान-विज्ञान, सूचना प्रोद्यौगिकी, जन संचार, प्रशासन और वैश्विक संप्रेषण की प्रभावशाली भाषा के रूप में स्थापित करना है। नई शिक्षा नीति के अनुरूप विभाग विद्यार्थियों में भाषा कौशल, संप्रेषण क्षमता, अनुसंधान दृष्टि, रचनात्मक लेखन, अनुवाद कौशल तथा डिजीटल दक्षता का विकास करते हुए उन्हें समकालीन चुनौतियों और रोजगार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करता है।

मिशन
  • वर्तमान डिजीटल युग में इंटरनेट मोबाइल, सोशल मीडिया, तथा ए आई आधारित तकनीको, ई-लर्निंग प्लेटफार्मों, सर्च इंजनों पर उच्च गुणवत्ता वाली हिन्दी-सामग्री की मांग तीव्र गति से बढ़ रही है।
  • विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा एवं व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभाग द्वारा व्यावहारिक हिंदी, कार्यालयी हिंदी, प्रयोजनमूलक हिंदी की कक्षाओं का भी संचालन किया जाता है।
  • हिन्दी विभाग की सभी गतिविधियाँ महाविद्यालय की गुणवत्ता संवर्धन, नवाचार, अनुसंधान, विद्यार्थियों की सह-भागिता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रही है।
  • हिंदी विभाग का सतत्प्रयास है कि हिन्दी को ज्ञान, विज्ञान, प्रशासन, रोजगार और वैश्विक संवाद की प्रभावी भाषा के रूप में स्थापित करते हुए विद्यार्थियों को सक्षम, सृजनशील एवं उत्तरदायी नागरिक के रूप में विकसित किया जाए।
  • विभाग भविष्य में भी नवीन शैक्षणिक गतिविधियों एवं गुणवत्ता आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से हिंदी भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
हिन्दी के क्षेत्र में रोजगार की सम्भावनाएँ

आज के डिजीटल युग में हिंदी के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं पहले से कहीं अधिक बढ़ गई हैं। हिंदी विषय के माध्यम से निम्नलिखित रोजगार प्राप्त किये जा सकते हैं-

  • शिक्षण कार्य - विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, कोचिंग संस्थान एवं ऑनलाइन शिक्षण।
  • पत्रकारिता एवं जनसंचार - समाचार पत्र (सम्पादक, पत्रकार, प्रूफ रीडर), टी.वी. चैनल, रेडियो, वेबपोर्टल, तथा डिजीटल मीडिया।
  • कंटेट राइटिंग - वेबसाइट, ब्लॉग, सोशल मीडिया और ई-लर्निंग के लिए हिंदी सामग्री लेखन।
  • अनुवादक एवं दुभाषिया - हिन्दी से अन्य भाषाओं में तथा अन्य भाषाओं से हिन्दी में अनुवाद।
  • प्रकाशन उद्योग - संपादन, प्रूफ रीडिंग, पुस्तक लेखन और प्रकाशन।
  • सरकारी सेवाएँ - राजभाषा अधिकारी, हिंदी अधिकारी, अनुवादक तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से रोजगार।
  • विज्ञापन एवं जनसंपर्क - विज्ञापन एजेंसियों और कारपोरेट संस्थानों में हिंदी कॉपी राइटर।
  • फिल्म, टीवी और रेडियो - पटकथा लेखन, संवाद लेखन, गीत लेखन, कार्यक्रम संचालन व अन्य।
  • डिजीटल मीडिया एवं सोशल मीडिया, कंटेंट निर्माण यू ट्यूब, पॉडकास्ट, ब्लागिंग।
  • कृत्रिम बुद्धिमता - AI भाषा और प्रोद्यौगिकी - AI मॉडल के लिए हिंदी कंटेंट, डेटा एनोटेशन, भाषा प्रशिक्षण, लोकलाइजेशन (स्थानीयकरण)।
  • फ्रीलांस लेखन - स्वतंत्र लेखन, संपादक अनुवादक के रूप में कार्य।
  • रचनात्मक लेखन - कहानी, कविता, उपन्यास, नाटक, गीत, पटकथा लेखन।

इन सभी क्षेत्रों में हिंदी विशेषज्ञों के लिए निरंतर नए अवसर सृजित हो रहे हैं। ऐसे परिदृश्य में हिंदी का अध्ययन विद्यार्थियों को केवल भाषायी दक्षता ही नहीं प्रदान करता बल्कि उन्हें व्यावसायिक रूप से सक्षम, आत्मनिर्भर, रचनात्मक तथावैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य भी बनाता है।

अतः हिंदी विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों में भाषा कौशल सृजनात्मकता, तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक क्षमता का समन्वित विकास करना है जिससे विद्यार्थी ज्ञान, संस्कृति आर मानवीय मूल्यों से संपन्न हो कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के साथ-साथ रोजगार के विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर सके।